Uttarakhand News Bulletin-42 : पुलिस कर्मियों को आपदा से निपटने के टिप्स बताए, जानिए पिथौरागढ़ की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें…
पिथौरागढ़। सीमांत सेवा फाउंडेशन ने आपदा प्रबंधन के तहत पुलिस कर्मियों आपदा प्रबंधन के टिप्स दिए। रविवार को ट्रेनर तरुण मेहरा के नेतृत्व में पुलिस को बाढ़, आपदा, वज्रपात सहित अन्य आपात स्थिति से निपटने के गुर बताए।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के अलावा स्थानीय युवाओं को भी टीम बनाकर आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी जा रही है। यहां एसओ हेम चन्द्र तिवारी, रत्नाकर पांडे, हनुमान सिंह, हिमांशु उपाध्याय रहे।
मिशन मर्यादा के तहत 41 के काटे चालान
पिथौरागढ़। जनपद में पुलिस ने मिशन मर्यादा के तहत चैकिंग अभियान चलाया। रविवार को एसपी लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में पुलिस ने जिले भर में धार्मिक, पर्यटन, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग और गंदगी करने वाले 41 लोगों के चालान काटे। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों में शराब का सेवन नहीं करने को कहा है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति कार्यशाला का समापन हुआ
पिथौरागढ़। नगर के विवेकानंद विद्या मंदिर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर आधारित आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। रविवार को समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल मेहरा ने उनका शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। कमल मेहरा, भोजराज उप्रेती, मोहन चंद्र जोशी व जितेंद्र सिंह ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति से लोगों को अवगत कराया। बीआरसी समन्वयक एसडी भट्ट ने चिल्ड्रन एजुकेशन की जानकारी दी। कार्यशाला में आठ विद्यालयों के 59 आचार्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष अशोक नबियाल, बीजेपी जिला मंत्री हरीश धामी, भीम सिंह रावत, कृष्णा गर्ब्याल, खीम सिंह धामी आदि मौजूद रहे।
हिमालय रक्षा अभियान समिति की वर्चुअली बैठक हुई, विलुप्त हो रहे धारे; नौलों को गोद लिया जाएगा
पिथौरागढ़। हिमालय रक्षा अभियान समिति की वर्चुअली बैठक की अध्यक्षता संचालन समिति के अध्यक्ष भगवान कार्की ने की। इस दौरान पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने भी हिस्सा लिया। रविवार को वक्ताओं ने कहा इस बार हरेला पर्व पर पौधरोपण के अलावा जल संरक्षण के लिए भी कार्य किया जाएगा। इसके लिए विलुप्त हो रहे धारे, नौलों को गोद लिया जाएगा और उन्हें पुर्नजीवित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश भर में विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधों का रोपण भी किया जाएगा। यहां जिंप अध्यक्ष दीपिका बोहरा, नैनीताल जिंप अध्यक्ष बेला तोलिया, बागेश्वर जिंप अध्यक्ष बसंती देव, अनिल, जितेंद्र, शुभम चंद, मनीष पांडे, पवन कुमार, सुनील सत्याल, भूपेंद्र महर, खड़क कार्की, विक्रम, प्रेम महरा रहे।