Uttarakhand News Bulletin-41 : कांवड़ यात्रा सिर पर सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे, जानिए रुड़की की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें…

रुड़की।  कांवड़ मेला रूट को लेकर रविवार को भगवानपुर एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ मंडावर से लेकर इमलीखेड़ा तक मार्ग का निरीक्षण किया। जिसमें कई जगह पर जलभराव और गड्ढे भी सड़क में देखने को मिले।

जिन्हें दुरस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को आदेश दिया गया। इस रूट पर पेयजल व अन्य जरूरी चीजों को लेकर एक समीक्षा बैठक भी की गई। कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन व्यवस्था करने में जुटा हुआ है।

विभागों को दस जुलाई तक कार्य पूरा करने को कहा गया था। रविवार को भगवानपुर एसडीएम वैभव गुप्ता, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा, तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी, एसडीओ ऊर्जा निगम नरेंद्र सिंह नेगी, व जल संस्थान के अधिकारियों के साथ कांवड़ मेला मार्ग का निरीक्षण किया।

जिसमें मंडावर से लेकर इमली खेड़ा तक जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मक्खनपुर गांव में सर्विस रोड पर जलभराव व गड्ढे दिखाई दिए। जिस को दुरुस्त कराए जाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

साथ ही पेयजल विभाग के अवर अभियंता को पेयजल टैंक की व्यवस्था करने के लिए आदेशित किया गया। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को भी जरूरी लाइनें चेक कराने के आदेश दिए।

साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व जरूरी शौचालय व्यवस्था कराए जाने के लिए नगर पंचायत के अधिकारियों को आदेशित भी किया गया। निरीक्षण के बाद तहसील प्रांगण में संबंधित अधिकारियों के साथ जरूरी मुद्दों पर समीक्षा भी की गई।

अमनो सलामती की दुआ कराई

रुड़की।  लंढौरा में ईद उल अजहा की नमाज अदा कराने से पहले जमीअत उलेमा ए हिंद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुफ्ती रियासत अली कहा कि कुर्बानी रस्म शासन प्रशासन की गाइड लाइन के अनुसार ही करें।

हम सबका फर्ज है कि कांवड़ यात्रियों का भी विशेष ध्यान रखें। इस दौरान मुल्क में अमनो सलामती की दुआ भी कराई गई।

लंढौरा ईदगाह में ईद की नमाज से पहले मुफ्ती रियासत अली ने कहा कि कुर्बानी रस्म की अदायगी शासन प्रशासन के निर्देश अनुसार पर्दे में ही करें। कुर्बानी रस्म से संबंधित कोई वीडियो या फोटो न खींचे।

जिसके वायरल करने से आपसी सौहार्द को ठेस पहुंचे। मुफ्ती रियासत अली ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान बादल फटने से कई लोगों की मौत हो गई है और कई लोग आपदा में लापता हो गए। आपदा में मरने वाले लोगों की आत्मा की शांति की दुआ कराई गई।

साथ ही लापता लोगों के लिए जीवित रहने की दुआ मांगी गई। कहा कि कुछ सियासी लोग अपने फायदे के लिए देश मे जहर घोलने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की गई। बाद में मुल्क में अमनो सलामती की दुआ के लिए दुआ कराई गई।

संपत्ति को लेकर भाइयों में विवाद

रुड़की।  खंजरपुर में संपत्ति को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कोतवाली में भी वह आपस में उलझते रहे। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें वहीं बैठा दिया। सिविल लाइंस कोतवाली के खंजरपुर में तीन भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।

विवाद में दो छोटे भाई एक ओर है, जबकि बड़ा भाई दूसरी ओर है। कई समय से चल रहा विवाद रविवार को बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ही पक्ष के लोग कोतवाली पहुंच गए।

वहां भी एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर वह उलझने लगे और आपस में हंगामा करने लगे। महिलाओं के बीच भी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें कोतवाली में बैठा दिया।

भगवानपुर में ईद पर अमन-चैन की दुआ मांगी

रुड़की।  भगवानपुर में ईद उल अजहा में 13 ईदगाह समेत 35 धार्मिक स्थलों पर ईद की सामूहिक नमाज अदा की गई । नमाज कर अमन चैन के लिए दुआ मांगी। भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कस्बा भगवानपुर, खेलपुर, सिकंदरपुर भैंसवाल, मानुबास, अकबरपुर कालसो, समेत 13 ईदगाह स्थल तथा 35 अन्य धार्मिक स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज अदा की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नजर रही।

शो के लिए दो बच्चों का हुआ चयन

रुड़की।  इंडिया टैलेंट फाइट सीजन थ्री के लिए रुड़की के दो बच्चों का चयन हुआ है। बच्चों के चयन पर उनके परिवार के लोगों ने खुशी जाहिर की है। उम्मीद जताई कि बच्चे विजेता की ट्राफी लेकर आएंगे।

सरस्वती डांस एकेडमी के संचालक शेखर सैनी ने बताया कि एक नेशनल टीवी रियल्टी शो इंडिया टैलेंट फाइट सीजन 3 के लिए देहरादून स्थित एक होटल में 27 जून को ऑडिशन लिए गए थे। जिसमें पूरे प्रदेश से करीब तीन हजार बच्चों ने प्रतिभाग किया था।

निर्णायक मंडल द्वारा अब पूरे प्रदेश से 7 बच्चों का चयन किया गया। जिसमें रुड़की निवासी दो बच्चों का चयन इस टीवी रियलटी शो के लिए हुआ है। जिसमें 8 वर्षीय हिमांशु मिश्रा और 3 वर्षीय नमायरा अरोड़ा का नाम शामिल हैं।

ईद-उल-अजहा पर दिया एकता का संदेश

रुड़की। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ब्यूरो ईद-उल-अजहा पर्व पर ईदगाह रोड पर शिविर का आयोजन किया। शिविर में मानवाधिकार संगठन कार्यकर्ताओं ने एकता का संदेश दिया। ड्राई फ्रूट व मिश्री, सौंफ नमाजियों को खिलाकर राष्ट्र के अमन चैन की ईश्वरीय शक्ति से कामना की।

भाजपा नेता और ब्यूरो अध्यक्ष नवीन कुमार जैन ने कहा कि आपसी सौहार्द बेहद जरूरी है। मौके पर सुधीर चौधरी, अनुज, सचिन गोंडवाल, राजेश वर्मा, सुनील सैनी,नरेश कुमार नागियान, सुमित बिरला, डॉ. बीएल अग्रवाल, जसवंत सिंह, राजू वर्मा, राजीव गोयल मौजूद रहे।

नगर पालिका ने चलाया सफाई अभियान

रुड़की।  ईद उल अजहा के मौके पर सफाई के दृष्टिगत नगर पालिका द्वारा नगर को चार जोन में बांटा गया। पशुओं के अवशेष आदि एकत्रित कर उन्हें निस्तारित किया जा सके। ईद उल अजहा के मौके पर नगर पालिका द्वारा समूचे नगर को चार भागों में विभाजित किया गया।

प्रत्येक भाग में एक सुपरवाइजर के नेतृत्व में सफाई कर्मियों की टीम गठित की गई। जो कि अपने अपने क्षेत्र में पशुओं के अवशेष जमा कर उन्हें निस्तारित करने का कार्य करती रही। सफाई निरीक्षक आदेश कुमार ने बताया कि सुबह पांच बजे से नगर पालिका की सभी टीमें पूरी तरह से सतर्क थी।

सभी स्थानों पर चूना आदि का छिड़काव किया गया। इसके अलावा नगर में सैनिटाइजेशन तथा कीटनाशकों का छिड़काव भी लगातार कराया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.