अवैध कॉलौनी को विप्रा की टीम ने किया जमींदोज

मथुरा, 06 मई (हि.स.)। शुक्रवार को यमुना पार क्षेत्र में यमुना खादर में अवैध रूप से बनी कॉलोनी को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। इस दौरान थाना यमुनापार पुलिस विप्रा की टीम के साथ मौजूद रही।

मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को यमुनापार के खादर क्षेत्र में करीब 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में बने पक्के मकान और प्लॉट की चाहरदीवारी को जमींदोज किया है। यह कॉलोनी संजय सिंघल रामबाबू सिंघल, भगवान सिंह आदि की बताई जा रही है। बताया जाता है प्राधिकरण के सेक्टर 3 में यमुना पुल व यमुना नदी के निकट खसरा संख्या 169, यमुना खादर मौजा अब्दुल नवी बांगर खादर क्षेत्र में अवैध रूप से 9.5 वीघा भूमि में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी, जिसमें लोगों द्वारा मकान बना लिए गए और कुछ बना रहे हैं।

शुक्रवार को प्राधिकरण सचिव राजेश कुमार सिंह द्वारा दिए गए ध्वस्तीकरण आदेश के तहत उक्त कालोनी में साइट आफिस, सड़क, प्लाट, बाउंडरी प्लिंथ लेवल तक के निर्माण को ध्वस्त किया गया। ध्वस्तीकरण अभियान में थाना यमुनापार पुलिस फोर्स के अलावा प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता कौशलेंद्र चौधरी, अवर अभियंता सुनील कुमार शर्मा, मनोज अग्रवाल, अनिरुद्ध यादव, अशोक कुमार चौधरी एवं दिनेश कुमार आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Leave A Reply

Your email address will not be published.