फरीदाबाद, 09 मई (हि.स.)। ग्रीन फील्ड कालोनी को नगर निगम के अंतर्गत लाने की मांग यहां की आरडब्ल्यूएस ने एक बार फिर जोर-शोर से उठाई है। सोमवार को आरडब्ल्यूएस का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव से मिला और ज्ञापन सौंपा। आरडब्ल्यूएस प्रधान वीरेंद्र भडाना ने बताया कि फिलहाल कालोनी का रखरखाव केंद्र सरकार की अर्बन इंप्रूवमेंट कंपनी कर रही है।
एक दिसंबर 2016 को टाउन एंड कंट्री प्लानिग के निदेशक ने ग्रीन फील्ड कालोनी को नगर निगम के अंतर्गत देने का आदेश दिया था। नगर निगम ने कहा कि वह पूरी तरह विकसित कालोनी को ही टेकओवर कर सकता है। ग्रीन फील्ड कालोनी में अभी काफी विकास कार्य होने हैं। नगर निगम ने शर्त रखी कि कंपनी कालोनी को पूरी तरह विकसित करके दे। इधर, कंपनी ने रुपयों की कमी का हवाला दिया। आरडब्ल्यूएस ने पिछले साल दिसंबर में नगर निगम आयुक्त से इस संबंध में चर्चा की थी। तब तय हुआ था कि नगर निगम किसी बाहरी संस्था से सर्वे कराकर कालोनी में होने वाले विकास कार्यों की रिपोर्ट बनाएगा।
इसके बाद तय करेगा कि कितनी राशि के विकास कार्य होंगे। नगर निगम यह राशि कालोनी के बिना बिकी भूमि को बेचकर वसूल करेगा। नगर निगम आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि सर्वे रिपोर्ट लगभग तैयार है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में शामिल वी के टंडन, विजय चावला, एनके शर्मा, गजेंद्र शर्मा, पारुल बावा ने एनएचपीसी रेलवे अंडरपास में बरसाती और सीवर का पानी जमा होने के चलते रास्ता बंद होने का भी मुद्दा उठाया। नगर निगम आयुक्त ने आश्वासन दिया कि बरसात के मौसम से पहले इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/मनोज/संजीव