दक्षिण दिनाजपुर, 6 मई (हि.स.)। प्रेम प्रसंग के चलते किशोरी की हत्या की कोशिश का मामला शुक्रवार को सामने आया है। इस दौरान किशोरी की मदद करने पहुंचे एक युवक को गोली मार दी गई है। घायल युवक का नाम राजा दास (20) है। जिसे मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।आरोपित युवक का नाम माणिक हालदार (22) है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद से जिले के बुनियादपुर में हड़कंप मच गया है।
बंशीहारी थाने की पुलिस के मुताबिक, बुनियादपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर एक की किशोरी गुरुवार रात करीब नौ बजे ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। उसी समय माणिक ने वार्ड नंबर दो के शेरपुर मस्जिद से सटे इलाके में किशोरी का रास्ता रोका। इसके बाद उसका किशोरी के साथ विवाद हो गया। उसने किशोरी की हत्या की कोशिश की। इधर, किशोरी की चीख-पुकार सुनकर पास के एक क्लब के युवक मौके पर पहुंचे और किशोरी को बचाने की कोशिश की।
आरोप है कि इस दौरान माणिक ने राजा दास पर गोली चला दी। जिससे राजा दास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया। इधर, घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची बंशीहारी थाने की पुलिस आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से एक बंदूक भी जब्त किया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हिन्दुस्थान समाचार /सचिन/सुगंधी