पूर्वी मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 8 जुलाई के बीच हो सकती भारी बारिश, देश के ज्यादातर हिस्सों में पहुंचा मानसून

नई दिल्ली (आरएनएस)।  देखते ही देखते मानसून ने अब पूरे देश को अपनी गिरफ्त में कर लिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों से बारिश की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं।

इसी कड़ी में मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। अगले चार दिन में देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। दरअसल, मौसम विभाग के नवीनतम अपडेट के मुताबिक अब मानसून पूरे देश में सक्रिय है।

एक तरफ जहां उत्तर भारत में भारी बारिश होने के आसार हैं तो वहीं दक्षिण भारत में भी कई जगहों पर भारी बारिश होगी। उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ जगहों पर गरज चमक और भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा महाराष्ट्र के कई जिलों में भी मानसून काफी सक्रिय है। कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 8 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, केरल और माहे में 5-6 जुलाई के बीच जमकर बारिश होगी।

राजस्थान में भी मानसून की एंट्री हो चुकी है। राज्य में भले ही मानसून तय समय से लेट पहुंचा हों, लेकिन फिर भी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड की गई।

उधर उत्तरी ओडिशा, उससे सटे दक्षिण झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। कर्नाटक और गोवा में भी भारी बारिश हो रही है. केरल के छह जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, केरल के कुछ जिलों में भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सामान्य समय से करीब छह दिन पहले ही पूरे देश को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी अरब सागर के हिस्सों, गुजरात व राजस्थान के बाकी इलाकों में भी मानसून पहुंचने के साथ देश भर में छा गया है। देशभर में मानसून पहुंचने की सामान्य तिथि आठ जुलाई है, लेकिन इससे पहले ही मानसून ने समूचे भारत को कवर कर लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.